- जिले में यूरिया, डीएपी समेत अन्य उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक, 760 मीट्रिक टन डीएपी की नई खेप भी पहुंचेगी
बस्ती। जिले में किसानों को खाद के लिए परेशान न होना पड़े और उन्हें निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक मिल सके, इसके लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी एवं सहायक आयुक्त सहकारिता की संयुक्त टीम ने विभिन्न उर्वरक बिक्री केंद्रों और सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खाद के स्टॉक, बिक्री और वितरण व्यवस्था की पड़ताल करते हुए पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कृषक सेवा सहकारी केंद्र कलवारी में 131.65 मीट्रिक टन यूरिया तथा 12.65 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध मिली। वहीं बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति कलवारी में 22.5 मीट्रिक टन यूरिया का स्टॉक पाया गया। बी-पैक्स महसों में 40 किसानों को 116 बोरी यूरिया और 110 बोरी डीएपी का वितरण किया गया था। निरीक्षण के समय केंद्र पर 25 बोरी यूरिया और 21 बोरी डीएपी शेष मिली।
- उर्वरकों की उपलब्धता के आंकड़े जारी
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में यूरिया 2694 मीट्रिक टन, डीएपी 9486 मीट्रिक टन, एनपीके 7965 मीट्रिक टन, एमओपी 2072 मीट्रिक टन और एसएसपी 24153 मीट्रिक टन उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि उर्वरकों की आपूर्ति लगातार जारी है और इफको की 760 मीट्रिक टन डीएपी की नई खेप भी जनपद को प्राप्त हो रही है।
अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे अपनी भूमि एवं फसल की आवश्यकता के अनुसार निर्धारित दर पर ही खाद खरीदें। किसी भी विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली, कालाबाजारी या वितरण में अनियमितता किए जाने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए विभाग ने मोबाइल नंबर 9838274912 और 9554646421 जारी किए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि उर्वरक बिक्री में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment