वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। रबी अभियान के तहत जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता के बीच खाद की टैगिंग, कालाबाजारी और नकली उर्वरकों की बिक्री रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी अनुज मलिक के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उर्वरक समिति एवं धरती बचाओ निगरानी समिति की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि जनपद में फॉस्फेटिक सहित अन्य उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सीडीओ ने उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा थोक एवं खुदरा विक्रेताओं को चेतावनी दी कि खाद के साथ किसी अन्य उत्पाद की टैगिंग की शिकायत मिलने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने समितियों को समय से खोलने और प्रत्येक समिति पर रोस्टर अंकित कराने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को उनकी जोत एवं बोई गई फसल के अनुसार खाद वितरित करने तथा फार्मर रजिस्ट्री के बिना उर्वरक नहीं देने को कहा।
धरती बचाओ निगरानी समिति की समीक्षा में कालाबाजारी, नकली खाद और उर्वरकों के डायवर्जन पर रोक लगाने के लिए जिला, तहसील एवं ग्राम स्तरीय समितियों को सक्रिय करने पर जोर दिया गया। नियमित बैठकें कराने की जिम्मेदारी डीपीआरओ को सौंपी गई।
उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक में खेत बचाओ अभियान चलाकर किसानों को संतुलित उर्वरक प्रयोग और जैविक खेती के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, विक्रेता और उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment