गोरखपुर। धनतेरस और दीपावली पर्व पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। आमजन को जाम की समस्या से बचाने और बाजारों में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। यह व्यवस्था 6, 7 और 8 नवंबर को सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक लागू रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार, काली मंदिर से गोलघर की तरफ लोडर, ऑटो और ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कचहरी चौराहा से गणेश चौराहा की ओर तथा जीएम पोस्ट ऑफिस तिराहा से गणेश चौराहा की तरफ जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी। इसी तरह शास्त्री चौराहा से कचहरी चौराहा की ओर ऑटो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे।
घोष कंपनी चौराहा होकर रेती चौराहा तथा घोष कंपनी चौराहा से नक्खास चौराहा की ओर जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। नॉर्मल टैक्सी स्टैंड से घंटाघर मार्ग पर भी लोडर, ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन नहीं होगा। अलहदादपुर तिराहे से घंटाघर की ओर रायगंज होते हुए जाने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। दुर्गाबाड़ी चौराहा से चरनलाल चौराहा की ओर भी इन वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
इसके अलावा सुमेर सागर तिराहे से विजय चौराहा एवं जटाशंकर तिराहे से अलीनगर चौराहा तक तथा बरफखाना तिराहे से बसंतपुर चौराहा, घंटाघर चौराहा और लालडिग्गी तक ऑटो, लोडर और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। मदीना मस्जिद तिराहे से शाह मारूफ मार्ग पर भी इन वाहनों का संचालन नहीं होगा।
भारी वाहनों के आवागमन के लिए भी अलग रूट निर्धारित किया गया है। रोडवेज बस, ऑयल टैंकर, गैस टैंकर, दूध वाहन और अन्य राजकीय वाहन विश्वविद्यालय चौराहा, मोहद्दीपुर चौराहा, चारफाटक ओवरब्रिज, कौवाबाग बाईपास, असुरन चौराहा, खजांची चौराहा और स्पोर्ट्स कॉलेज चौराहा होते हुए बरगदवा चौराहा से फरेन्दा-सोनौली की ओर जाएंगे। फरेन्दा, पीपीगंज से गोरखनाथ मंदिर की ओर आने वाले भारी वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने चार पहिया और दोपहिया वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े कर खरीदारी करने की अपील की है। इसके लिए मल्टीलेवल पार्किंग जलकल गोलघर, सिनेमा रोड स्थित यूनाइटेड टाकीज के सामने, कचहरी टाउनहाल मैदान, कचहरी क्लब पार्किंग, एस्ट्रा के पास जलान कैंपस, सिटी मॉल के पास गोरखपुर हाट, राधा माधव के बगल की खाली जमीन और संबंधित मॉल व प्रतिष्ठानों की पार्किंग निर्धारित की गई है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि त्योहार के दौरान अनावश्यक जाम से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।

No comments:
Post a Comment