गोरखपुर। राजधानी लखनऊ के होटल रेग्नेंट में आयोजित तृतीय अंतरराष्ट्रीय फिजियोथेरेपी संगोष्ठी PHYSEM 3.0 में गोरखपुर के वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट एवं नेशनल फिजियोथेरेपी वेलफेयर एसोसिएशन (NPWA) के अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार वर्मा को प्रतिष्ठित ‘फिजियो प्रोफेशनल अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। फिजियोथेरेपी एवं आधुनिक पुनर्वास चिकित्सा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और 12 वर्षों की समर्पित सेवाओं को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
यह सम्मान लंदन एकेडमी ऑफ स्पोर्ट्स एंड हेल्थ साइंसेज (यूके) के अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ प्रो. (डॉ.) सैयद मोहम्मद वारिस ने प्रदान किया। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और विदेशी डेलीगेट्स की मौजूदगी में उन्हें स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
लंदन एकेडमी ऑफ स्पोर्ट्स एंड हेल्थ साइंसेज (LASHS, UK) एवं मायोफंक्शनल पोस्टुरल रिहैबिलिटेशन (MPR) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस संगोष्ठी की अध्यक्षता आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय शुक्ला ने की। कार्यक्रम में देश-विदेश के प्रख्यात शिक्षाविदों, शोधार्थियों और वरिष्ठ चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया तथा फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर विचार-विमर्श किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ के हाथों यह सम्मान मिलना उनके लिए गौरव का क्षण है। यह उपलब्धि उन मरीजों और सहयोगियों के विश्वास का परिणाम है, जो फिजियोथेरेपी की प्रभावशीलता में भरोसा रखते हैं। उनका प्रयास है कि आधुनिक एवं विश्वस्तरीय पुनर्वास चिकित्सा का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा सके।
डॉ. वर्मा की इस उपलब्धि पर गोरखपुर के चिकित्सकों, समाजसेवियों और नेशनल फिजियोथेरेपी वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

No comments:
Post a Comment