वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। रामबाग स्थित सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिशु शिक्षा समिति, गोरक्ष प्रान्त की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रांतीय वैदिक गणित, ज्ञान-विज्ञान मेला एवं संस्कृति महोत्सव-2026 का बुधवार को समापन हो गया। प्रतियोगिताओं में 212 अंक प्राप्त कर गोरखपुर संकुल सर्वजेता बना, जबकि 197 अंकों के साथ बस्ती संकुल उपविजेता रहा। बलिया संकुल ने 165 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। देवरिया चौथे और आर्यमगढ़ संकुल पांचवें स्थान पर रहा।
महोत्सव में गोरक्ष प्रान्त के पांच संकुलों के विद्यार्थियों ने वैदिक गणित, विज्ञान, नवाचार और सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन कर किया। इसके बाद वंदना टोली ने दैनिक वंदना प्रस्तुत की। विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने अतिथियों का परिचय कराते हुए अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
मुख्य अतिथि शिशु शिक्षा समिति, गोरक्ष प्रान्त के प्रदेश निरीक्षक राम सिंह ने कहा कि विद्या भारती भारतीय जीवन-मूल्यों और संस्कृति पर आधारित शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वर्ष 1952 में गोरखपुर के पक्कीबाग से शुरू हुई इसकी यात्रा अब 75वें वर्ष की ओर अग्रसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान, कला, संस्कृति, शोध और तकनीक के क्षेत्र में प्रतिभा विकसित कर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास और परिश्रम से सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पंक्तियों ‘हार नहीं मानूँगा, रार नहीं ठानूँगा’ का उल्लेख करते हुए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने को कहा।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने गीत प्रस्तुत किए। प्रांतीय विज्ञान प्रमुख उमेश ने महोत्सव का वृत्त-निवेदन किया। संचालन आचार्य अंशुमान त्रिपाठी ने किया, जबकि बलिया संभाग के संभाग निरीक्षक कन्हैया चौबे ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम की जानकारी विद्यालय के मीडिया प्रभारी अंकित कुमार गुप्ता ने दी।

No comments:
Post a Comment