बस्ती। दीपावली, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में डीआईजी संजीव त्यागी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि सभी त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं। इन्हें शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर समय से जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रखने को कहा। अग्निशमन विभाग को अलर्ट रहने तथा पटाखों की दुकानों पर अग्निशमन यंत्र, बालू और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पूजा स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।
लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। नदियों एवं जलाशयों में विसर्जन के दौरान गोताखोरों, नाव और बचाव दल की व्यवस्था रहेगी। छठ पूजा घाटों पर भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान प्राप्त होने वाली सूचनाओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कलेक्ट्रेट स्थित प्रशासनिक कक्ष में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यह 6 नवंबर से सक्रिय होगा। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 05542-247128 है। यहां शिफ्टवार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो प्राप्त शिकायतों से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएंगे।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिमा विसर्जन जुलूसों के निर्धारित मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन 10, 11 एवं 12 नवंबर को प्रस्तावित है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी विसर्जन स्थलों और मार्गों का पहले से निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक मानसी दहिया, डीएफओ डॉ. शिरीन, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचंद गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment