बस्ती। दीपावली एवं मूर्ति विसर्जन पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। बुधवार को मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, पुलिस महानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने अमहट घाट, जीआईसी मैदान और आईटीआई परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों की हकीकत परखी। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा, यातायात और अग्निशमन व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सबसे पहले अधिकारियों ने अमहट घाट स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल का जायजा लिया। यहां प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विसर्जन स्थल पर सभी इंतजाम समय से पूरे करने को कहा गया।
इसके बाद जीआईसी मैदान और आईटीआई परिसर स्थित पटाखा बिक्री स्थलों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने अग्निकांड की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। दोनों स्थलों पर पर्याप्त अग्निशमन वाहन तैनात करने, प्रत्येक दुकान के बाहर पानी और सूखी रेत से भरी तीन से चार बाल्टियां रखने तथा दुकानों के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी सुनिश्चित करने को कहा गया। दुकानों के भीतर ज्वलनशील सामग्री रखने पर रोक लगाने के साथ सुरक्षित विद्युत वायरिंग और प्रत्येक दुकान का विद्युत सुरक्षा प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पटाखा बिक्री स्थलों पर एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार किट और पर्याप्त पानी के टैंकर उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही धूम्रपान निषेध के बोर्ड लगाने, जीआईसी मैदान के किनारे जमा कीचड़ हटवाने तथा अधिकारियों और कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि पूरे समय निगरानी बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त न्यायिक सुरेंद्र प्रसाद यादव, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment