<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, November 4, 2026

महिला सुरक्षा को लेकर बस्ती पुलिस की पहल, स्कूल-कॉलेजों से बाजारों तक चलाया जागरूकता अभियान


बस्ती। महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से बस्ती पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत बुधवार को जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। विभिन्न थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो स्क्वाड टीमों ने गांवों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं छात्राओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश दिया।

अभियान के तहत सोनहा पुलिस टीम ने सोनहा और बरगदवा गांव में महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया। एंटी रोमियो स्क्वाड टीम ने लालगंज क्षेत्र के श्रीराम जानकी इंटर कॉलेज महादेवा, आरएस पब्लिक स्कूल सोभनपार, महादेवा बाजार, लालगंज बाजार और महसो बाजार सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं कोचिंग सेंटरों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। महिला थाना पुलिस टीम ने कोतवाली एवं पुरानी बस्ती क्षेत्र के क्रिसेंट मॉल, पचपेड़िया रोड और दक्षिण दरवाजा के आसपास अभियान चलाया। वहीं रुधौली पुलिस ने ग्राम खगरा तथा कोतवाली पुलिस टीम ने गांधीनगर में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया।

पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के महत्व से अवगत कराते हुए शासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी तरह की परेशानी, छेड़छाड़, उत्पीड़न या आपात स्थिति में महिला हेल्पलाइन 1090, 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। इसके साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस सेवा 108 और 102 के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

अभियान के दौरान साइबर अपराधों के प्रति भी विशेष रूप से सचेत किया गया। पुलिस टीमों ने ऑनलाइन ठगी, साइबर धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में बताया। जागरूकता पंपलेट वितरित कर महिलाओं एवं छात्राओं से किसी भी प्रकार के अपराध या उत्पीड़न को चुपचाप सहन न करने और तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। पुलिस ने आमजन से भी अपने आसपास के लोगों को जागरूक कर सुरक्षित और भयमुक्त समाज बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

No comments:

Post a Comment

Pages