<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, November 4, 2026

दीपावली को लेकर वाल्टरगंज थाने में हुई शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील


बस्ती। आगामी धनतेरस, दीपावली एवं लक्ष्मी पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुधवार को वाल्टरगंज थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार राय की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, लक्ष्मी पूजा पंडालों के आयोजकों, समिति पदाधिकारियों एवं डिजिटल वालंटियर्स ने प्रतिभाग किया।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर आयोजित बैठक में त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आयोजकों से परंपरागत तरीके से त्योहार मनाने तथा बिना अनुमति किसी नई परंपरा की शुरुआत या जुलूस के मार्ग में बदलाव नहीं करने की अपील की।

प्रभारी निरीक्षक ने पूजा पंडालों में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम, बालू और पानी की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डीजे और लाउडस्पीकर का प्रयोग निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर करने तथा अश्लील एवं भड़काऊ गीत बजाने पर रोक का निर्देश दिया गया। त्योहार के दौरान अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा करने पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बैठक में पटाखों की बिक्री केवल वैध लाइसेंसधारक दुकानदारों द्वारा निर्धारित स्थानों पर किए जाने तथा अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई। लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान नशामुक्त वातावरण बनाए रखने की भी अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। इसके लिए डायल 112 एवं थाना वाल्टरगंज के सीयूजी नंबर 9454403124 पर संपर्क करने को कहा गया। बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान थाने के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages