<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, November 4, 2026

निर्माण के चंद दिनों में ही जवाब देने लगीं भानपुर की सड़कें, गुणवत्ता पर उठे सवाल


बस्ती। नगर पंचायत भानपुर में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्राम बेदौला और नौगड़वा में लाखों रुपये की लागत से कराए गए सड़क निर्माण कार्यों की स्थिति कुछ ही महीनों में खराब होने लगी है। बेदौला में नगर पंचायत की ओर से निर्मित आरसीसी सड़क एक माह के भीतर ही जगह-जगह से उखड़ने लगी, वहीं नौगड़वा में करीब पांच माह पहले बनी सड़क भी क्षतिग्रस्त होने लगी है। सड़कों की इस स्थिति ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सरकारी धन के सदुपयोग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा मंडल कार्यसमिति सदस्य एवं नगर पंचायत भानपुर निवासी मनोज सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर दोनों सड़कों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण होने के बावजूद सड़कें इतनी कम अवधि में खराब हो रही हैं तो इसकी तकनीकी जांच कराकर वास्तविक कारणों का पता लगाना जरूरी है।

मनोज सिंह ने मांग की है कि विशेषज्ञों की स्वतंत्र टीम गठित कर दोनों सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। निर्माण में इस्तेमाल सीमेंट, बालू, मिट्टी, सरिया सहित अन्य सामग्रियों के नमूनों की प्रयोगशाला में जांच हो। साथ ही सड़क की मोटाई, बेस और निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता का भी परीक्षण कराया जाए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार हुआ है या नहीं।

उन्होंने निर्माण कार्यों के स्वीकृत आगणन, तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति, टेंडर प्रक्रिया, कार्यादेश, अनुबंध, माप पुस्तिका और भुगतान से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने की भी मांग की है। इसके साथ ही संबंधित ठेकेदार, अवर अभियंता, सहायक अभियंता और निर्माण कार्यों की निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर जवाबदेही तय करने पर जोर दिया है।

मनोज सिंह ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जांच में यदि घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल अथवा सरकारी मानकों की अनदेखी की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही दोनों क्षतिग्रस्त सड़कों का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए। अब देखना यह है कि शिकायत पर जिला प्रशासन क्या कदम उठाता है और जांच में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों की क्या तस्वीर सामने आती है।

No comments:

Post a Comment

Pages