<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, November 2, 2026

श्रीरामलीला महोत्सव के लिए निकली भव्य जनजागरण शोभायात्रा


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

बस्ती। सनातन धर्म संस्था की ओर से आयोजित सातवें वर्ष के श्रीरामलीला महोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर में भव्य जनजागरण शोभायात्रा निकाली गई। भगवा ध्वजों, जय श्रीराम के जयघोष और भजन-कीर्तन के बीच निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं और महिलाओं ने भाग लिया। इसका उद्देश्य नगरवासियों को श्रीरामलीला महोत्सव के लिए आमंत्रित करने के साथ भगवान श्रीराम के आदर्शों और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूक करना था।

शोभायात्रा का शुभारंभ श्री कृष्ण मुरारी पांडेय इंटर कॉलेज से भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की आरती के साथ हुआ। रोडवेज, गांधीनगर, कंपनी बाग और कचहरी होते हुए यात्रा श्री शिव मंदिर अमहट घाट पहुंची। रास्ते में जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूप में सजे बच्चों की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।

अमहट घाट स्थित श्री शिव मंदिर में पूजन-अर्चन और आरती के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने और महोत्सव को सफल बनाने का संकल्प लिया।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि 12 नवंबर से गोविन्द राम सक्सेरिया इंटर कॉलेज, गांधीनगर के प्रांगण में श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ होगा। इसकी विशेषता यह है कि इसमें 20 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का मंचन करेंगे। इसके माध्यम से बच्चों में संस्कार, अनुशासन, त्याग, मर्यादा और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था ने नगरवासियों से सपरिवार पहुंचकर बाल कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

शोभायात्रा में रमेश सिंह, डॉ. शैलेश सिंह, डॉ. ऋचा ओझा, राखी दूबे, आयुषी दूबे, अभिषेक मणि त्रिपाठी, मयंक राजपाल, आशीष शुक्ल, गोपेश पाल, डॉ. नवीन सिंह, मंगला प्रसाद दूबे, अतुल चित्रगुप्त, वैष्णवी दूबे, संध्या दीक्षित, चंदन सिंह, शिव प्रसाद शुक्ल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages