वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। स्कूलों में पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने और सुबह की प्रार्थना सभा को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। इसमें बैगलेस डे मॉड्यूल ‘आनंदम’ और मॉर्निंग असेम्बली मॉड्यूल ‘अरुणोदय’ के माध्यम से शिक्षकों को नई गतिविधियों और उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण का उद्घाटन डायट प्राचार्य संजय कुमार शुक्ल और वरिष्ठ प्रवक्ता महेंद्र नाथ त्रिपाठी ने किया। उन्होंने प्रशिक्षण के उद्देश्यों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण का संचालन नोडल प्रवक्ता शशि दर्शन त्रिपाठी कर रहे हैं, जबकि प्रभारी डॉ. रविनाथ त्रिपाठी हैं।
‘आनंदम’ मॉड्यूल के तहत शिक्षकों को बैगलेस डे पर विद्यार्थियों को खेल, कला, स्थानीय कौशल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के तरीके बताए जा रहे हैं। वहीं ‘अरुणोदय’ मॉड्यूल के जरिए प्रार्थना सभा को ज्ञान, आत्मविश्वास, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का माध्यम बनाने की जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण में सहयोगी प्रवक्ता डॉ. गोविन्द, अलीउद्दीन, वंदना, वर्षा पटेल, सरिता चौधरी, कुलदीप चौधरी और इमरान खान सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

No comments:
Post a Comment