<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Thursday, November 5, 2026

कप्तानगंज में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 875 युवाओं ने किया प्रतिभाग


बस्ती। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को मां गायत्री गंगा प्रसाद मिश्रा महिला पीजी कॉलेज, कप्तानगंज में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय बस्ती एवं महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में 23 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों की ओर से लगभग 1050 विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए प्रक्रिया अपनाई गई। रोजगार मेले में करीब 875 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 519 युवाओं को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं, लगभग 11 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत कप्तानगंज के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चौधरी, विशिष्ट अतिथि महाविद्यालय के संस्थापक अशोक कुमार मिश्रा, निदेशक डॉ. अरविंद कुमार मिश्रा, प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार चतुर्वेदी, सहायक निदेशक सेवायोजन चंद्रकांत सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेंद्र प्रताप वर्मा एवं सहायक सेवायोजन अधिकारी अंजलि शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को बेहतर रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से इस तरह के वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सेवायोजन विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महाविद्यालय के संस्थापक अशोक कुमार मिश्रा ने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन मंडल को बधाई दी। वहीं, निदेशक डॉ. अरविंद कुमार मिश्रा ने कहा कि यह युवाओं के लिए बेहतर अवसर है कि उन्हें अपने ही क्षेत्र में विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार देकर रोजगार प्राप्त करने का मौका मिल रहा है।

सहायक निदेशक सेवायोजन चंद्रकांत सिंह ने बताया कि रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है। अभ्यर्थी अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार संबंधित कंपनियों के कक्ष में बायोडाटा के साथ पहुंचकर साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों में चयनित करीब 11 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र एवं ऑफर लेटर भी प्रदान किए।

कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्रवक्ता बैजनाथ मिश्रा ने किया। अंत में निदेशक डॉ. अरविंद कुमार मिश्रा ने सभी अतिथियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रेमचंद मिश्रा, नीतू, पूनम, मनोज, राजेश, चंद्रपाल वर्मा, श्रवण कुमार, क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय से प्रमोद कुमार, पंकज कुमार श्रीवास्तव, सतीशंकर मौर्य, राकेश राय, सुरेश कुमार, धीरज कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages