वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीरनगर। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत मंगलवार, 3 नवंबर को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद के परिसर में आयोजित होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 50 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनके माध्यम से एक हजार से अधिक रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई उत्तीर्ण तथा कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षित अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कर कंपनियों एवं उपलब्ध रिक्तियों के सापेक्ष ऑनलाइन आवेदन करना होगा। अभ्यर्थियों को मेले में शामिल होते समय सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों, दो पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा के साथ उपस्थित होना होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा। मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय, संत कबीरनगर में संपर्क कर सकते हैं।
No comments:
Post a Comment