बस्ती। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बस्ती पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वाड टीम ने सोमवार को छावनी थाना क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों, बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध रूप से घूमने वाले युवकों की जांच-पड़ताल की गई।
एंटी रोमियो स्क्वाड प्रभारी महिला उपनिरीक्षक शाइस्ता के नेतृत्व में टीम ने लतीफिया इंटर कॉलेज छावनी बाजार, अशोक इंटर कॉलेज अमोढ़ा, मझौवा सहित आसपास के शैक्षणिक संस्थानों एवं प्रमुख मार्गों पर चेकिंग की। टीम ने महिला दुकानदारों से बातचीत कर बाजारों और चौराहों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले शोहदों के संबंध में जानकारी भी जुटाई।
अभियान के दौरान करीब 35 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जबकि एक मनचले से माफीनामा भरवाया गया। इसके साथ ही महिलाओं की समस्याएं सुनकर उनके निस्तारण की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान कोई अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई।
इस अभियान में महिला हेड कांस्टेबल सुनीता यादव और महिला कांस्टेबल ममता चौहान शामिल रहीं। पुलिस ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

No comments:
Post a Comment