<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, November 6, 2026

132 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिला नियुक्ति पत्र, गांवों में बच्चों के पोषण और महिलाओं के स्वास्थ्य की संभालेंगी जिम्मेदारी

- गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने किया आह्वान, सेवाभाव से समाज में बनाएं अलग पहचान


बस्ती। जनपद में आंगनबाड़ी व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 132 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र पाकर कार्यकत्रियों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के 138 पद रिक्त थे, जिनमें से 132 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। नवीन शासनादेश के बाद मिशन रोजगार के अंतर्गत रिक्त पदों को भरने की कार्रवाई की गई। जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कुल 2655 पद स्वीकृत हैं।

मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने नवचयनित कार्यकत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक देखभाल की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने और कुपोषण की समस्या को दूर करने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करने पर जोर दिया।

जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि गांवों में महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्यकत्रियों से अपने क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे की पोषण स्थिति बेहतर बनाने तथा महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अपने दायित्वों का निर्वहन ममत्व और सेवाभाव के साथ करना चाहिए। उनके कंधों पर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर अपने घर के साथ-साथ आसपास के जरूरतमंद परिवारों के घरों में भी खुशियों का दीप जलाएं। उन्होंने नवचयनित कार्यकत्रियों से अपने कार्यों के जरिए समाज में एक मिसाल कायम करने की अपील की।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं एवं अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages