वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। धनतेरस के अवसर पर राजन इंटरनेशनल एकेडमी में थीम आधारित रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने प्रदूषण की गंभीर समस्या को दर्शाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, संविधान की महत्ता और उसके मूल्यों के साथ इंटरनेट की दुनिया एवं डिजिटल युग के प्रभावों को भी रंगोलियों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की कलाकृतियों में कला के साथ समसामयिक विषयों की समझ भी नजर आई।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंध निदेशिका शिखा चतुर्वेदी ने प्रधानाचार्य सानू एंटनी के साथ रंगोलियों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और समसामयिक विषयों के प्रति जागरूक बनाती हैं।
प्रधानाचार्य सानू एंटनी ने कहा कि विद्यार्थियों ने मेहनत, कल्पनाशीलता और टीम भावना से रंगोलियों को आकर्षक बनाया है। कार्यकारी निदेशक संजीव पांडेय ने भी बच्चों के प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता में येलो हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ब्लू और ग्रीन हाउस संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। रेड हाउस को तीसरा स्थान मिला।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। रंगोलियों के जरिए बच्चों ने संदेश दिया कि कला मनोरंजन और सौंदर्य के साथ ही समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम भी है।


No comments:
Post a Comment