बस्ती। शिक्षक केवल बच्चों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित कर राष्ट्र के भविष्य की नींव तैयार करते हैं। शिक्षकों का सम्मान और उनका सशक्तीकरण एक मजबूत समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है। यह बातें हर्रैया विधायक अजय सिंह ने शुक्रवार को छावनी स्थित बीआरसी परिसर में आयोजित शिक्षक उन्नयन संगोष्ठी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह में कहीं। कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई विक्रमजोत की ओर से किया गया।
विधायक अजय सिंह ने कहा कि शिक्षकों के हितों और सम्मान को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। शिक्षकों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह के मुख्यमंत्री कार्यकाल में भाजपा सरकार के दौरान शिक्षकों को पंचम वेतन आयोग का लाभ मिला था। विभागीय टीईटी के संबंध में उन्होंने कहा कि शिक्षकों की नौकरी सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सरकार यह प्रक्रिया करा रही है। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में जुटे रहने का आह्वान किया।
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले 12 सेवानिवृत्त शिक्षकों शिवपूजन शुक्ल, शशिकला सिंह, आशा देवी, केशव राम यादव, चंद्र प्रकाश सिंह, लीलावती देवी, रामसूरत सिंह, सुभावती त्रिपाठी, शीला सिंह, सियाराम पाण्डेय, शीतला प्रसाद तिवारी और कमलेश तिवारी को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर सेवानिवृत्त शिक्षकों के योगदान को सराहा गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की मेहनत और समर्पण से ही समाज को शिक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक मिलते हैं।
समाजसेवी यज्ञेश पाण्डेय और शैलेश पाण्डेय ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के साथ उनके चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रिका सिंह और जिला मंत्री बालकृष्ण ओझा ने शिक्षक हितों की रक्षा, शिक्षकों के सम्मान और संगठन की भूमिका पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद ने की तथा संचालन विवेक कान्त पाण्डेय ने किया। अंत में ब्लॉक अध्यक्ष संजीव सिंह ने अतिथियों, सम्मानित शिक्षकों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर राजकुमार तिवारी, संतोष पाण्डेय, अश्वनी सिंह, समीउल्लाह अंसारी, अखिलेश पाण्डेय, बृजेश त्रिपाठी, नन्दलाल, सत्यप्रकाश कन्नौजिया, कृष्ण चन्द्र गौतम, विजय सेन, पीयूष मिश्र, सचिन पाण्डेय, शिवम शुक्ल, अनुपम सिंह, अचिंत पाण्डेय, विकास सिंह, हेमंत सिंह, अमित पाण्डेय, आशीष पाण्डेय, पुष्पेन्द्र धर द्विवेदी, नृपेन्द्र पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment