वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म और नैतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित गीता प्रेस की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी समारोह का आयोजन 7 अक्टूबर को गोरखपुर में किया जाएगा। समारोह शाम चार बजे आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
यह आयोजन श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार के 134वें जयंती महोत्सव के अवसर पर किया जा रहा है। समारोह में देश के प्रख्यात विद्वान और विचारक ‘कल्याण’ की सौ वर्षों की वैचारिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक यात्रा पर अपने विचार रखेंगे।
समारोह को पूर्व सांसद प्रो. राकेश सिन्हा, अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. बालमुकुंद पाण्डेय, भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) के पूर्व महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी तथा भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के निदेशक डॉ. ओमजी उपाध्याय संबोधित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि पत्रिका ‘कल्याण’ ने एक शताब्दी से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चिंतन और नैतिक जीवन-मूल्यों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाने वाली इस पत्रिका के शताब्दी समारोह में इसके ऐतिहासिक योगदान, वैचारिक भूमिका और वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर विमर्श किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment