गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में गुरुवार को डॉ. संजयन त्रिपाठी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने अपनी कार पर लगा भाजपा का झंडा उतार दिया। झंडा उतारते समय वह भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू छलक आए। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
नामांकन से पहले डॉ. संजयन त्रिपाठी ने निपाल क्लब में समर्थकों के साथ सभा की। सभा में बड़ी संख्या में शिक्षक और समर्थक पहुंचे। इसके बाद समर्थक उनके साथ कमिश्नर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। समर्थकों ने उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने के फैसले का समर्थन किया।
डॉ. संजयन त्रिपाठी भाजपा से शिक्षक एमएलसी के टिकट के दावेदार थे। पार्टी ने गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार निर्वाचित एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी घोषित किया है। इसके बाद संजयन त्रिपाठी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया।
नामांकन के बाद बातचीत में डॉ. संजयन त्रिपाठी ने कहा कि वर्षों तक निष्ठा से संगठन के लिए काम करने वाले कार्यकर्ता को अवसर मिलने की उम्मीद रहती है। एक निष्ठावान कार्यकर्ता की उपेक्षा से उन्हें ही नहीं, बल्कि उन तमाम कार्यकर्ताओं को भी ठेस पहुंची है, जो वर्षों से पार्टी के लिए काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके साथ बड़ी संख्या में शिक्षक और समर्थक खड़े हैं और इन्हीं के भरोसे वह चुनाव मैदान में उतरे हैं।
उन्होंने अपनी जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि “मैं जीतकर दिखाऊंगा, परिणाम मेरे पक्ष में आएगा।” हालांकि उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत का जो भी फैसला होगा, उसे वह स्वीकार करेंगे। उनके अनुसार, यह लड़ाई केवल उनकी नहीं, बल्कि उन शिक्षकों और कार्यकर्ताओं की भी है, जिन्होंने उनके संघर्ष को देखा है।
डॉ. संजयन त्रिपाठी के निर्दलीय मैदान में उतरने से गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
- 6 अक्टूबर तक नामांकन, 23 को मतदान
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया आयुक्त न्यायालय में रिटर्निंग ऑफिसर एवं कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह की देखरेख में चल रही है। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर जय प्रकाश के समक्ष नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर से पहले पूरी कर ली जाएगी।


No comments:
Post a Comment