वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती के तरुण वर्ग के शतरंज खिलाड़ी ईशान त्रिपाठी एवं हर्ष पाण्डेय ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए एसजीएफआई (School Games Federation of India) में स्थान बनाया है। दोनों खिलाड़ियों के बस्ती रेलवे स्टेशन पहुंचने पर विद्यालय परिवार ने भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह एवं आचार्य बंधुओं ने ईशान, हर्ष सहित अन्य प्रतिभागी भैयाओं तथा संरक्षक आचार्य आशुतोष मिश्र का पुष्पमाला पहनाकर और पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से विद्यालय परिसर में हर्ष एवं उत्साह का माहौल रहा। विद्यालय परिवार ने उन्हें आगामी प्रतियोगिता में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
ज्ञात हो कि लखीमपुर खीरी में आयोजित क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता में ईशान एवं हर्ष ने तरुण वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद 01 से 05 अक्टूबर तक कुरुक्षेत्र में आयोजित अखिल भारतीय शतरंज प्रतियोगिता में भी दोनों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तरुण वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। इसी उपलब्धि के आधार पर उनका एसजीएफआई के लिए चयन हुआ है।
अब दोनों खिलाड़ी 22 से 26 अक्टूबर तक दिल्ली में आयोजित होने वाली एसजीएफआई प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष गोपाल गाडिया, प्रबंधक डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष प्रहलाद मोदी सहित समिति के सदस्यों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
इस अवसर पर वरिष्ठ आचार्य अम्बिकेश्वरदत्त ओझा, आशीष सिंह, अश्विनी कुमार पाण्डेय, अंकित कुमार गुप्ता, शिवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदीप गुप्त एवं मनीष त्रिपाठी सहित आचार्य बंधु उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और बस्ती का गौरव बढ़ाएंगे।

No comments:
Post a Comment