लखनऊ। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय, अलीगंज में हिंदी पखवाड़ा–2026 का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता अपर महानिदेशक एवं विभागाध्यक्ष उत्तरी क्षेत्र राजिन्दर कुमार ने की। कार्यक्रम में उप महानिदेशक, राज्य इकाई उत्तर प्रदेश वी.पी. गौर सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 17 से 24 सितंबर तक हिंदी निबंध, हिंदी टंकण और स्वरचित हिंदी काव्य पाठ समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही निर्णायक मंडल, राजभाषा निरीक्षण समिति, मूल्यांकन समिति, आयोजन समितियों के सदस्यों तथा राजभाषा कार्यशाला के वक्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय की हिंदी गृह पत्रिका ‘भूसंदेश’ वर्ष 2026, अंक-13 तथा डॉ. रत्नेश सिंह चंदेल की पुस्तक ‘जीवाश्म, समय के पद चिह्न’ का विमोचन किया गया। निदेशक एवं राजभाषा अधिकारी ओम प्रकाश ने हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के परिणामों की जानकारी दी।
अपने संबोधन में अध्यक्ष राजिन्दर कुमार ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर देते हुए कहा कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी विषयों से संबंधित सामग्री और गृह पत्रिकाओं का हिंदी में प्रकाशन होने से वैज्ञानिक क्षेत्र में भी हिंदी को और बढ़ावा मिलेगा। अंत में निदेशक एवं राजभाषा अधिकारी ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आयोजन में सहयोग करने वालों के प्रति आभार जताया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

No comments:
Post a Comment