वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत 30 सितंबर को मुख्यालय गोरखपुर सहित लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मंडलों में ‘सफाई मित्र सुरक्षा सेवा एवं सम्मान शिविर’ आयोजित किए गए। इस दौरान सफाई मित्रों एवं ओबीएचएस कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें सुरक्षा उपकरण और पीपीई किट वितरित की गई।
ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय, गोरखपुर के झींगरन मेमोरियल हॉल में आयोजित शिविर का शुभारंभ प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. सुपमा भास्कर माटे ने सफाई मित्रों को पीपीई किट वितरित कर किया। गोरखपुर क्षेत्र के 90 कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच हुई, जिसमें 44 महिलाएं और 46 पुरुष शामिल रहे। जांच में तीन नए मधुमेह और तीन उच्च रक्तचाप के मामले सामने आए। वहीं पहले से मधुमेह से पीड़ित छह तथा उच्च रक्तचाप वाले तीन कर्मचारियों का उपचार संबंधी रिव्यू किया गया।
लखनऊ मंडल के लखनऊ जंक्शन, गोंडा, बस्ती, मैलानी समेत प्रमुख स्टेशनों पर 104 सफाई मित्रों की जांच की गई। कुछ कर्मचारियों में तंबाकू सेवन की आदत मिलने पर चिकित्सकों ने इसके दुष्प्रभावों और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
वाराणसी मंडल में स्वास्थ्य जांच के साथ पीपीई किट तथा स्वच्छता संबंधी जानकारी दी गई। इज्जतनगर मंडल में सफाई मित्रों और उनके परिवारजनों की स्वास्थ्य जांच कर स्वच्छता किट वितरित की गई। रेलवे की इस पहल का उद्देश्य सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को बढ़ावा देना है।

No comments:
Post a Comment