गोरखपुर। रेलवे पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रेलवे स्टेशन गाजीपुर सिटी के प्लेटफार्म नंबर-2 से भटकी हुई दो नाबालिग बच्चियों को बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया।
पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक सर्किल बलिया रवि रत्न गौतम के पर्यवेक्षण में जीआरपी थाना गाजीपुर सिटी पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर-2 पर दो बच्चियां अकेली और परेशान हालत में दिखाई दीं। चेकिंग टीम एवं महिला कांस्टेबल अमिता सिंह ने बच्चियों के पास जाकर पूछताछ की।
पूछताछ में बच्चियों ने अपना नाम सोनी और प्रिया बताया। दोनों ने बताया कि वे अपने घर से भटककर रेलवे स्टेशन पहुंच गई थीं। जीआरपी टीम ने दोनों बच्चियों को सुरक्षित थाने लाकर नियमानुसार कार्रवाई की और सी-प्लान के माध्यम से उनके परिजनों से संपर्क कर सूचना दी।
सूचना मिलने पर बच्चियों के परिजन थाने पहुंचे। नियमानुसार पहचान कराए जाने के बाद बच्चियों ने भी अपने पिता की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिग बच्चियों को उनके पिता के सुपुर्द कर दिया।
बच्चियों को सुरक्षित पाकर उनके पिता ने जीआरपी थाना गाजीपुर सिटी पुलिस के इस मानवीय एवं संवेदनशील कार्य की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

No comments:
Post a Comment