सहजनवा, गोरखपुर। मुरारी इंटर कॉलेज में चल रही 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयी बालक-बालिका ताइक्वांडो प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुकाबलों में खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए।
अंडर-17 बालिका वर्ग के 32 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में प्रयागराज की वैष्णवी साहू ने आगरा की परी माथुर को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। मेरठ की छवि और कानपुर की ज्योति को कांस्य पदक मिला। 35 किलोग्राम में लखनऊ की उर्वशी ने आगरा की पायल राठौर को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। अलीगढ़ की राधिका और गोरखपुर की मुस्कान ने कांस्य पदक जीता।
इसी वर्ग के एक अन्य मुकाबले में मुरादाबाद की ऋषिका सैनी ने गोरखपुर की सृष्टि प्रजापति को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। मिर्जापुर की ज्योति वर्मा और कानपुर की सानिया अंसारी को कांस्य मिला। वहीं वाराणसी की नव्या यादव ने आगरा की प्राची यादव को शिकस्त देकर स्वर्ण पदक जीता। मिर्जापुर की प्रीति और गोरखपुर की आकांक्षा कुशवाहा तीसरे स्थान पर रहीं।
अंडर-19 बालिका वर्ग के 40 किलोग्राम भार वर्ग में आगरा की जान्ह्वी ने कानपुर की तीर्थंकर सैनी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। मिर्जापुर की अंशिका कनौजिया और गोरखपुर की कविता ने कांस्य पदक हासिल किया। 42 किलोग्राम में वाराणसी की दीपिका पाल ने प्रयागराज की जागृति को हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि अयोध्या की शुभ वर्मा तीसरे स्थान पर रहीं।
44 किलोग्राम भार वर्ग में मुरादाबाद की कनक ने गोरखपुर की दीपिका दीपा को रोमांचक मुकाबले में पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। वाराणसी की शिखा राज और मिर्जापुर की श्रेया निषाद को कांस्य पदक मिला।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक सतीश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह, प्रधानाचार्य मेजर साकेत श्रीवास्तव, डॉ. विश्व प्रकाश सिंह, अरुणेंद्र राय, संतोष सिंह, अभय प्रताप सिंह, अमीरुद्दीन अंसारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
मुकाबलों को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में लखनऊ और गोरखपुर से आए निर्णायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के अगले मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।

No comments:
Post a Comment