<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Sunday, October 4, 2026

पुरानी पेंशन बहाली समेत 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

गोरखपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष रुपेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर मंदिर के सचिव द्वारका तिवारी से भेंट की और मुख्यमंत्री को संबोधित दो ज्ञापन सौंपे। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों, पेंशनरों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

परिषद के महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने बताया कि पहले ज्ञापन में प्रदेश के कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के सामाजिक और आर्थिक भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जब गोरखपुर के सांसद थे, तब भी परिषद के अनुरोध पर तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को पुरानी पेंशन बहाली के संबंध में पत्र लिखा था।

दूसरे ज्ञापन में कर्मचारियों, पेंशनरों एवं उनके आश्रितों की 10 सूत्रीय मांगें उठाई गई हैं। इनमें कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था को सरल एवं प्रभावी बनाने, ओपीडी और आवश्यक जांचों को शामिल करने तथा सूचीबद्ध अस्पतालों का समय से भुगतान करने की मांग प्रमुख है। गंभीर बीमारियों के उपचार में पांच लाख रुपये की सीमा समाप्त कर पूरा उपचार खर्च वहन करने की मांग भी की गई।

इसके अलावा एनपीएस पेंशनरों को चिकित्सा सुविधा, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, आउटसोर्सिंग एवं संविदा व्यवस्था समाप्त कर स्थायी नियुक्ति, पदोन्नति और लंबित सेवा प्रकरणों के निस्तारण की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में अशोक पांडे, राजेश सिंह, पंडित श्याम नारायण शुक्ल, राजेश मिश्रा, अनूप कुमार, सौरभ श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages