वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। रिजर्व पुलिस लाइन्स, बस्ती में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (वामा सारथी) द्वारा आयुष विभाग उत्तर प्रदेश की सहभागिता से एलोपैथिक एवं होमियोपैथिक मेडिकल कैंप तथा वामा वेलनेस कैंप स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
वामा सारथी अध्यक्षा बस्ती एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती की पत्नी श्रीमती प्रियंका सिंह के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/नोडल अधिकारी वामा सारथी बस्ती सुश्री मानसी दहिया के पर्यवेक्षण में आयोजित शिविर में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ लिया। शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों, उनके परिवारजनों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों एवं युवाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना रहा।
शिविर में जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों द्वारा पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया। इस दौरान शुगर, ब्लड प्रेशर आदि की निःशुल्क जांच की गई। चिकित्सकीय परामर्श के उपरांत आई ड्रॉप सहित जलने, कटने तथा अन्य सामान्य उपचार में उपयोगी एलोपैथिक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही होमियोपैथिक चिकित्सा परामर्श एवं दवा वितरण की सुविधा भी उपलब्ध रही।
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों की कठिन ड्यूटी एवं अनियमित जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने पर जोर दिया गया। वामा सारथी द्वारा इस तरह की कल्याणकारी पहल के माध्यम से पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लगातार उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक बस्ती, प्रभारी वामा सारथी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा पुलिस परिवार के लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment