बस्ती। बनकटी विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय असियापार डिवहारी के प्रधानाध्यापक एवं एसआरजी डॉ. अंगद प्रसाद पाण्डेय को भारतीय ज्ञान परंपरा पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर की पांच दिवसीय कार्यशाला में प्रतिभाग करने का अवसर मिला है। वह राजस्थान के अजमेर में आयोजित इस कार्यशाला में बस्ती जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की ओर से आयोजित कार्यशाला 5 से 9 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागी शामिल होकर भारतीय ज्ञान परंपरा के विविध पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे।
उत्तर प्रदेश से कार्यशाला के लिए चयनित 15 प्रतिभागियों में डॉ. अंगद प्रसाद पाण्डेय का भी चयन हुआ है। कार्यशाला के दौरान भारतीय ज्ञान परंपरा को शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने, उसके विविध आयामों और विद्यालयी शिक्षा में उसकी उपयोगिता को लेकर विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों के बीच विमर्श होगा।
डॉ. पाण्डेय के राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला के लिए चयनित होने पर क्षेत्र के शिक्षकों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बस्ती जनपद के लिए गौरव का विषय बताया है।

No comments:
Post a Comment