गाजियाबाद। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी और शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी, लोकतंत्र और जनसेवा के मूल्यों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से अन्याय का विरोध करना सिखाया। उन्होंने कहा कि “सत्ता जनता की सेवा के लिए है, विपक्ष की आवाज दबाने के लिए नहीं।” कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग और विपक्ष की आवाज दबाने के प्रयासों के खिलाफ शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से जनता के बीच जाकर संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है। लोकतंत्र में अंतिम शक्ति जनता के पास होती है और कांग्रेस गांधीवादी तरीके से जनहित के मुद्दों को उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और ईमानदार सार्वजनिक जीवन को याद करते हुए कहा कि राजनीति का उद्देश्य व्यक्तिगत प्रभाव बढ़ाना नहीं, बल्कि गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी, युवा और आम नागरिक के हितों की रक्षा करना होना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है। विपक्ष की आवाज, स्वतंत्र संस्थाएं, नागरिक अधिकार, संविधान और जनता के सवाल लोकतंत्र के महत्वपूर्ण आधार हैं। इनकी रक्षा के लिए पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।
कार्यक्रम के साथ जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक भी आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जनता से जोड़ने, स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान बसपा सहित विभिन्न दलों से आए कई कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का कांग्रेस में स्वागत कर उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुशांत गोयल, पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, संगठन उपाध्यक्ष ओम दत्त गुप्ता, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी आशुतोष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सत्य, अहिंसा, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment