गोरखपुर। विकास खंड जंगल कौड़ियां के ग्राम पंचायत जंगल कौड़ियां में 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत मिशन की 12वीं वर्षगांठ के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत सेवा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए गए स्वच्छता पखवाड़े की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत-विकसित भारत’ रही।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण तथा ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान प्रतिनिधि बीएन सिंह ने कहा कि स्वच्छता का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। जब तक हम स्वच्छ नहीं रहेंगे, तब तक स्वस्थ समाज का निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से श्रमदान कर अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की अपील की।
ब्लॉक कोऑर्डिनेटर एवं खंड प्रेरक आशीष कुमार श्रीवास्तव ने सेवा संकल्प अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेने का अवसर है। पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के मीडिया प्रभारी राजकुमार एवं पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यभान सिंह ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास और श्रमदान के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान प्रतिनिधि बीएन सिंह ने तथा संचालन ब्लॉक कोऑर्डिनेटर आशीष कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर पंचायत सहायक ममता गुप्ता, राजकुमार, बोधराज, अजय, विनय, गरिमा, दस्ता, सोमनाथ, सुग्रीव, सफाई कर्मचारी रवि, रामसकल, महेंद्र सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment