<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, October 31, 2026

गीडा में विकसित होगा सरदार पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार केंद्र


गोरखपुर। जिले के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की दिशा में गीडा में सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार केंद्र विकसित किया जाएगा। इस केंद्र के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ किया।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग की ओर से संचालित इस योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत प्रदेश में नौ जोन के माध्यम से हब-एंड-स्पोक मॉडल पर कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके जरिए प्रशिक्षण संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।

गीडा में प्रस्तावित केंद्र के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक, उन्नत विनिर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी और लॉजिस्टिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं के कौशल उन्नयन, करियर मार्गदर्शन और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

योजना के माध्यम से स्थानीय युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार दक्ष बनाने और औद्योगिक इकाइयों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे गोरखपुर में कौशल विकास एवं रोजगार की संभावनाओं को विस्तार मिलने के साथ स्थानीय औद्योगिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

- आईटीएम गीडा में हुआ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गोरखपुर के विभिन्न राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, पॉलिटेक्निक संस्थानों तथा व्यावसायिक शिक्षा केंद्रों में किया गया। आईटीएम, गीडा में आयोजित कार्यक्रम में गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी रामप्रकाश, उपायुक्त उद्योग उज्ज्वल सिंह तथा आईटीएम के डॉ. एन.के. सिंह सहित संस्थान के विद्यार्थी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages