गोरखपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सोमवार को थाना सहजनवां और थाना हरपुर बुदहट परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। थाना सहजनवां में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने की। बैठक में संभ्रांत नागरिकों, आयोजकों, डीजे संचालकों और मूर्तिकारों के साथ त्योहारों की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई।
बैठक में उपजिलाधिकारी सहजनवां, क्षेत्राधिकारी गीडा, थानाध्यक्ष सहजनवां, थानाध्यक्ष हरपुर बुदहट समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की।
अधिकारियों ने शासन की ओर से जारी गाइडलाइन एवं निर्धारित नियमों की जानकारी देते हुए उनका कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की गई। पुलिस-प्रशासन ने त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सभी से सहयोग का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment