गोरखपुर। जिले में तीन हजार से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने की कवायद तेज कर दी है। विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि विसर्जन मार्गों और प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट व पुलिस बल तैनात रहेंगे। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी भी की जाएगी।
डीएम ने बताया कि विसर्जन की तैयारियों को लेकर सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गई हैं। जिला स्तर पर डीएम और एसएसपी ने दुर्गा पूजा समितियों के आयोजकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। आयोजकों से विसर्जन जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आयोजकों को डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा जुलूस से आम लोगों के आवागमन में बाधा नहीं उत्पन्न करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी के अनुसार, विसर्जन के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर सड़क, प्रकाश व्यवस्था और कृत्रिम तालाबों की तैयारियों की समीक्षा की गई है। संबंधित अधिकारियों को विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों और पूजा समितियों की समस्याओं का भी प्राथमिकता से निस्तारण कराया जा रहा है।
डीएम दीपक मीणा ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के साथ आगामी दीपावली और छठ पूजा को भी शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है। इसके लिए अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।

No comments:
Post a Comment