<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, October 14, 2026

मिशन शक्ति से महिलाओं को सुरक्षा और स्वावलंबन, अपराधों पर त्वरित कार्रवाई पर जोर - डीएम



गोरखपुर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए जिले में मिशन शक्ति के छठे चरण के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। शारदीय नवरात्रि के दौरान भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के अवसर देना प्रशासन की प्राथमिकता है।

डीएम ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें सम्मान और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए पुलिस, महिला कल्याण, आईसीडीएस और प्रोबेशन विभाग सहित विभिन्न विभागों के समन्वय से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है। महिला थानों और हेल्प डेस्क पर प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करने तथा मामलों की विवेचना समयबद्ध ढंग से पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय से न्याय मिल सके।

अभियान के तहत स्कूलों और इंटर कॉलेजों में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने के साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जा रही है। उन्हें बताया जा रहा है कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में सहायता कैसे प्राप्त करें। इसका उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है।

डीएम ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि पात्र महिलाओं और बालिकाओं को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़े कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे। प्रशासन का प्रयास है कि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ सकें।

No comments:

Post a Comment

Pages