वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीरनगर। संत कबीर अकादमी, मगहर में एक नवंबर 2026 को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ ही विधिक जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी चंद्र मोहन श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या साह और नोडल अधिकारी एवं जिला विकास अधिकारी रुक्मणी वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अपर जिला जज ने निर्देश दिया कि शिविर से पहले सभी विभाग अपनी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर लें, जिससे आयोजन के दिन उन्हें योजनाओं का लाभ दिया जा सके। उन्होंने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनमें जागरूकता पैदा करना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या साह ने भी अधिकाधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया। अपर जिला जज ने समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बाल विकास, चिकित्सा, पशुपालन, डूडा और प्रोबेशन सहित संबंधित विभागों को योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए स्टॉल एवं कैंप लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिलाधिकारी धनघटा वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment