बस्ती। कप्तानगंज क्षेत्र के ऐठीडीह स्थित कबीर तिवारी आश्रम में शुक्रवार को कबीर आदित्य नारायण तिवारी की सातवीं पुण्यतिथि पर कबीर आदित्य नारायण तिवारी वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान जरूरतमंद छात्राओं को 100 साइकिलें वितरित की गईं। साथ ही ठेले देकर जरूरतमंदों की मदद की गई तथा महिलाओं को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। लोगों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में बस्ती चैरिटेबल ब्लड बैंक ने सहयोग प्रदान किया। ब्लड बैंक की टीम के मुकेश कुमार, शिवम मिश्र, संदीप चौधरी और जितेन्द्र कुमार सहित अन्य लोगों ने रक्त संग्रह की व्यवस्था में योगदान दिया। शिविर में 20 लोगों के रक्त संग्रह में सहयोग किया गया। आयोजकों ने स्वैच्छिक रक्तदान को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों से जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल वितरित करने का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना रहा। वहीं, जरूरतमंदों को ठेले वितरित कर उन्हें आजीविका के साधन उपलब्ध कराने की पहल की गई। महिलाओं को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया, जबकि पौधों का वितरण कर लोगों से हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों को भी शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान स्वर्गीय कबीर आदित्य नारायण तिवारी के परिवार की ओर से न्याय की मांग का मुद्दा भी उठाया गया। रंजना तिवारी ने अपने भाई को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। वहीं, उनके बड़े भाई तुलसी तिवारी ने भी न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में इं. वीरेंद्र मिश्रा, अभय देव शुक्ला, राजेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment