बस्ती। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. आलोक रंजन के संयोजन में हर्रैया तहसील क्षेत्र के जिवधरपुर राय स्थित राम कृपा योग आश्रम में 11 अक्टूबर को आयोजित होने वाला भागीदारी न्याय सम्मेलन स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के दिशा-निर्देश पर लिया गया है।
डॉ. आलोक रंजन ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। कार्यक्रम में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र पाल गौतम, विधायक वीरेन्द्र चौधरी और पूर्वांचल जोन प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त सहित कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने का कार्यक्रम निर्धारित था।
उन्होंने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के त्यागपत्र की मांग को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन के मद्देनजर पार्टी नेतृत्व ने विभिन्न कार्यक्रमों को स्थगित करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में भागीदारी न्याय सम्मेलन भी स्थगित कर दिया गया है।
डॉ. आलोक रंजन ने स्पष्ट किया कि सम्मेलन का आयोजन बाद में किया जाएगा। इसकी नई तिथि की घोषणा होने पर संबंधित लोगों को जानकारी दी जाएगी।
No comments:
Post a Comment