गोरखपुर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गोरखपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। सोमवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के गांवों, कस्बों, बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों के आसपास जागरूकता कार्यक्रम एवं रैलियां आयोजित की गईं।
पुलिस अधीक्षक अपराध एवं नोडल मिशन शक्ति के पर्यवेक्षण में आयोजित इस अभियान में थाना प्रभारियों, मिशन शक्ति टीमों और महिला बीट आरक्षियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। ऑडियो, वीडियो और पंफलेट के माध्यम से जागरूक करते हुए शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराया गया।
अभियान के दौरान घरेलू हिंसा से संरक्षण, दहेज प्रतिषेध, कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध और बाल श्रम से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध होने वाले अपराधों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में बताया गया।
महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण के लिए पुलिस ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इसमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181 और साइबर हेल्पलाइन 1930 प्रमुख रहे। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, स्थानीय थानों की महिला हेल्प डेस्क, जनसुनवाई पोर्टल, महिला आयोग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करते हुए सुरक्षा संबंधी समस्या होने पर बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण मजबूत करना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।

No comments:
Post a Comment