गोरखपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर में आयोजित जागरूकता रैली-2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
रैली का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही समाज में महिला सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को मजबूत करना रहा। अभियान के माध्यम से महिलाओं को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा उपायों और सहायता सेवाओं की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
- मुसीबत में तत्काल सहायता लेने के लिए किया प्रेरित
जागरूकता रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, दुर्व्यवहार या आपातकालीन परिस्थिति में चुप रहने के बजाय पुलिस और संबंधित सहायता सेवाओं से संपर्क करें। उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन और शिकायत निस्तारण के विभिन्न माध्यमों की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं के बारे में बताया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, जनसुनवाई पोर्टल, थानों की महिला हेल्प डेस्क, जिला संरक्षण अधिकारी, महिला आयोग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता लेने के तरीकों की जानकारी पंपलेट एवं वीडियो के माध्यम से दी गई।
- सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर
गोरखपुर पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना, जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा समाज में महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास करना है।

No comments:
Post a Comment