गोरखपुर। औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में नियोजित श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग, गोरखपुर की ओर से 6 से 8 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन गीडा स्थित उद्योग भवन (चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज) के सभाकक्ष एवं कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) औषधालय परिसर में किया जाएगा।
शिविर में प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्माण श्रमिकों तथा प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण, ओपीडी सुविधा और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यक जांच, रेफरल तथा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी जागरूकता की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
श्रमिकों को एक ही स्थल पर श्रम एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देने के साथ श्रमिक पंजीयन एवं नवीनीकरण तथा विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाले हितलाभ और सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, उत्तर प्रदेश राज्य सामाजिक सुरक्षा बोर्ड, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, कर्मचारी राज्य बीमा निगम, कर्मचारी राज्य बीमा योजना, उद्योग विभाग, औद्योगिक विकास प्राधिकरणों, औद्योगिक संगठनों एवं सेवायोजकों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।
श्रम विभाग ने जनपद के श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रतिष्ठान स्वामियों तथा व्यापार एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक श्रमिकों को शिविर की जानकारी दें और उनका स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित कराने में सहयोग करें।
No comments:
Post a Comment