वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संतकबीरनगर। महिला सुरक्षा एवं सुरक्षित यातायात को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने साप्ताहिक विशेष चेकिंग अभियान ‘मीट एण्ड ग्रीट’ चलाकर वाहनों की सघन जांच की। यातायात प्रभारी खलीलाबाद परमहंस के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) का न होना, फटी या दोषपूर्ण नंबर प्लेट तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाए जाने वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को अपने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज एवं नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने की भी जानकारी दी। अभियान के दौरान टीम ने वाहन चालकों से संवाद कर यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं और उनके सुझावों की जानकारी भी ली।
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं आमजन की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के साथ ही वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम करना है। पुलिस ने आमजन से अपील की कि स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।

No comments:
Post a Comment