<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, October 5, 2026

आकांक्षात्मक विकास खंडों की योजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता सुधारने के निर्देश


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

संतकबीरनगर। जनपद के आकांक्षात्मक विकास खंड बघौली, पौली और सांथा में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा के लिए शासन द्वारा नामित तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रदेश के औसत प्रदर्शन के सापेक्ष समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शासन द्वारा विशेष सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण रवि रंजन, विशेष सचिव आबकारी अभिषेक आनन्द तथा विशेष सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अरविन्द सिंह को क्रमशः बघौली, पौली और सांथा विकास खंड का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। नीति आयोग द्वारा निर्धारित 50 मानकों के आधार पर तीनों विकास खंडों में योजनाओं की प्रगति, संतृप्तिकरण और गुणवत्ता का आकलन किया जा रहा है।

समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड, बेसिक शिक्षा, कृषि, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, ग्रामीण पेयजल, नमामि गंगे, कौशल विकास, पशुपालन, विद्युत, पंचायती राज और भारत नेट सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कुछ योजनाओं में ऑनलाइन आंकड़ों और वास्तविक प्रगति के बीच अंतर मिलने पर सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही डाटा फीडिंग के लिए आवश्यकतानुसार प्रशिक्षण आयोजित करने को कहा गया।

स्वास्थ्य एवं पोषण तथा आईसीडीएस के मानकों पर अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित विभागों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने और आशा, एएनएम सहित ग्रामीण स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने पर जोर दिया।

नोडल अधिकारी रवि रंजन ने कहा कि विभागीय अधिकारी विकास खंड स्तर पर योजनाओं की नियमित समीक्षा करें तथा आपसी समन्वय से निर्धारित मानकों पर प्रगति सुनिश्चित करें। योजनाओं से संबंधित आंकड़ों को पोर्टल और ऐप पर समय से दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी अनुज मलिक ने अधिकारियों को निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कन्नौजिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages