<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, October 5, 2026

कम लागत में मशरूम उत्पादन से रोजगार और आय की राह


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

बस्ती। आचार्य नरेंद्र कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या के अंतर्गत संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद- कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान जोन-III, कानपुर से वित्त पोषित सरल परियोजना के तहत मशरूम उत्पादन तकनीक पर पांच दिवसीय रोजगारपरक एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण का सोमवार को शुभारम्भ हुआ। प्रशिक्षण 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. पी.के. मिश्रा ने की।

डॉ. मिश्रा ने मशरूम उत्पादन को कम लागत, कम स्थान और कम समय में रोजगार एवं आय का प्रभावी साधन बताते हुए ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने धान एवं गेहूं के भूसे जैसे कृषि अवशेषों के उपयोग, उत्पादन इकाई की स्थापना, तापमान एवं आर्द्रता प्रबंधन तथा मशरूम उत्पादन के बाद बचे अवशेषों के कम्पोस्ट एवं जैविक खाद के रूप में उपयोग की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के कोर्स कॉर्डिनेटर डॉ. प्रेम शंकर, वैज्ञानिक (पादप सुरक्षा) ने प्रतिभागियों का पूर्व-मूल्यांकन किया। उन्होंने बटन मशरूम की उत्पादन तकनीक, गुणवत्तापूर्ण स्पॉन के चयन, भूसे के उपचार एवं पाश्चुरीकरण, बैग तैयार करने, स्पॉनिंग, इनक्यूबेशन, फलन तथा कीट-रोग प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी।

डॉ. वी.बी. सिंह, वैज्ञानिक (पादप प्रजनन एवं आनुवंशिकी) ने मशरूम की उपयुक्त प्रजातियों के चयन और गुणवत्तापूर्ण स्पॉन की पहचान के साथ उत्पादन एवं उपज में अच्छे स्पॉन की भूमिका पर प्रकाश डाला। डॉ. अंजलि वर्मा, वैज्ञानिक (गृह विज्ञान) ने मशरूम के पोषक तत्वों, सुरक्षित प्रसंस्करण एवं भंडारण तथा मशरूम पाउडर, अचार, नमकीन सहित विभिन्न मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार करने की तकनीक बताई। उन्होंने मूल्य संवर्धन के जरिए अतिरिक्त आय और महिला उद्यमिता की संभावनाओं पर जोर दिया।

आर.वी. सिंह, वैज्ञानिक (कृषि प्रसार) ने मशरूम उत्पादन को व्यवसाय के रूप में अपनाने, लागत एवं लाभ का आकलन, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, स्थानीय बाजार से जुड़ाव तथा प्रशिक्षण के बाद उद्यम स्थापना के संबंध में जानकारी दी। प्रशिक्षण में पोषण, रोजगार, स्वरोजगार एवं आय सृजन से जोड़ते हुए वैज्ञानिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों के 25 नवयुवक एवं युवतियां प्रतिभाग कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages