बस्ती। भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को लेकर बुधवार को शास्त्री चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी और प्रभारी डॉ. सतेन्द्र सिन्हा की मौजूदगी में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं 310 विधानसभा क्षेत्र से भावी प्रत्याशी इंजीनियर अरविंद पाल करीब 500 बाइक सवारों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
इस दौरान अरविंद पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 25 वर्षों में जिस समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ देश और जनता की सेवा की, वह प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को प्रधानमंत्री के कार्यों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता है।
अरविंद पाल ने बताया कि सेवा ज्योति प्रज्वलित होने के बाद बस्ती शहर को चार हिस्सों में विभाजित कर विशाल पदयात्राएं निकाली गईं। पहली पदयात्रा गांधी नगर मार्ग, दूसरी अमहट, तीसरी कलेक्ट्रेट से रौता चौराहा तथा चौथी पुराने डाकखाने की ओर निकली। पदयात्राओं के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर सामाजिक सेवा, जनजागरण और आमजन से संवाद किया गया। कार्यकर्ताओं ने लोगों को सेवा एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े संकल्पों के प्रति जागरूक किया।

No comments:
Post a Comment