गोरखपुर। रेलवे स्टेशन बनकटा पर अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाना भटनी की टीम ने रविवार को एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 45 अदद अवैध देशी शराब की बोतलें बरामद हुईं। बरामद शराब की कुल मात्रा नौ लीटर और अनुमानित कीमत 2,475 रुपये बताई गई है।
जीआरपी के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया के पर्यवेक्षण में 11 अक्टूबर 2026 को रेलवे स्टेशन बनकटा के प्लेटफॉर्म नंबर-02 पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध देशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रिंस कुमार गुप्ता (लगभग 18 वर्ष), निवासी दुर्गा मंदिर के पास, फतेहपुर सिवान, थाना टाउन सिवान, जिला सिवान, बिहार के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से ट्रेन के माध्यम से शराब खरीदकर बिहार ले जाता था और वहां उसे अधिक कीमत पर बेचकर अपना खर्च चलाता था। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 044/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बनकटा उ0नि0 शिवकुमार कुशवाहा, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव और हेड कांस्टेबल संतोष सिंह यादव शामिल रहे। जीआरपी ने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर अवैध शराब की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment