संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना महुली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घनी आबादी वाले क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस के अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 271 किलो पटाखे बरामद किए हैं।
थाना महुली पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर जगदीशपुर गौरा स्थित कांशीराम आवास में छापा मारा गया। तलाशी के दौरान मौके पर भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण मिला। पुलिस के अनुसार, पटाखों के भंडारण के लिए कोई वैध लाइसेंस नहीं था और मौके पर अग्नि सुरक्षा के आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध नहीं पाए गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से रामचंद्र पुत्र बाबूलाल तथा राहुल पुत्र रामचंद्र, निवासी जगदीशपुर गौरा, थाना महुली, जनपद संतकबीरनगर को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से कुल 271 किलो अवैध पटाखे बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक घनी आबादी और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र में इस तरह पटाखों का भंडारण होने से आगजनी जैसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
बरामदगी के संबंध में थाना महुली में मु0अ0सं0 415/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस एवं धारा 9(बी) विस्फोटक अधिनियम, 1884 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment