<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Saturday, October 10, 2026

भोपाल में 23 अक्टूबर से सजेगा 12 दिवसीय स्वदेशी मेला, 200 से अधिक स्टॉल होंगे आकर्षण


वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता

भोपाल। स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भोपाल में 23 अक्टूबर से 12 दिवसीय विशाल स्वदेशी मेले का आयोजन किया जाएगा। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मिंटो हॉल के समीप एम.वी.एम. ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस मेले में देशभर के स्वदेशी उत्पादों, हस्तशिल्प, दैनिक उपयोग की वस्तुओं, स्थानीय उद्योगों और स्टार्टअप्स के 200 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार, मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, बुनकरों, शिल्पकारों तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराना है। इसके जरिए युवाओं, महिलाओं और नए उद्यमियों को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही, उपभोक्ताओं को भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता से परिचित कराया जाएगा।

भारतीय कला-संस्कृति की भी दिखेगी झलक

स्वदेशी मेला व्यापार के साथ भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं का उत्सव भी बनेगा। यहां प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियों के अलावा युवाओं के लिए नाटक और नृत्य प्रतियोगिताएं भी होंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वदेशी विचारधारा से जोड़ने और भारतीय उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

1991 में हुई थी स्वदेशी जागरण मंच की स्थापना

स्वदेशी जागरण मंच की स्थापना 22 नवंबर 1991 को नागपुर में हुई थी। वर्ष 1999 में दिल्ली से शुरू हुई स्वदेशी मेलों की यात्रा अब तक देशभर में 100 से अधिक आयोजनों तक पहुंच चुकी है। भोपाल का प्रस्तावित मेला इसी परंपरा को आगे बढ़ाने की पहल है।

सतीश विश्वकर्मा बने मेला संयोजक

मेले के संचालन के लिए गठित समिति में सतीश विश्वकर्मा को संयोजक बनाया गया है। वहीं, श्री सोनी, दीपक वर्मा और रमन तिवारी को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीमा भारद्वाज और शोभराज सुखवानी को भी प्रमुख दायित्व दिए गए हैं। व्यवस्थाओं के संचालन के लिए अलग-अलग कार्य समितियां गठित की गई हैं। प्रेसवार्ता में अखिल भारतीय सह मेला प्रमुख साकेत राठौर भी मौजूद रहे।

मेला संयोजक सतीश विश्वकर्मा ने मीडिया प्रतिनिधियों और नागरिकों से आयोजन में सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी मेला ‘लोकल फॉर वोकल’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का अभियान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नागरिकों, उत्पादकों और उपभोक्ताओं की भागीदारी से स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलेगा।

No comments:

Post a Comment

Pages