<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, October 14, 2026

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई पर व्यापारियों की नाराजगी, 12 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन


बस्ती। खाद्य पदार्थों के नमूने लेने से लेकर जांच रिपोर्ट जारी होने और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में व्यापारियों और संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को संबोधित 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर खाद्य कारोबारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की।

व्यापार मंडल ने कहा कि खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है, ताकि कारोबारियों और निर्माताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। संगठन ने मांग की कि नमूना लेते समय संबंधित निर्माता को इसकी सूचना दी जाए और नमूने से जुड़े फॉर्म की प्रति पंजीकृत डाक से भेजी जाए। दुकानदार या थोक कारोबारी से बिल प्राप्त होने के बाद ही निर्माता को संबंधित मामले में पक्षकार बनाया जाए।

मंडल अध्यक्ष हरिमूर्ति सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष परमात्मा प्रसाद मद्धेशिया ने जांच रिपोर्ट में देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकारी प्रयोगशालाओं को नमूना प्राप्त होने के 14 दिनों के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध करानी चाहिए। नमूना फेल होने पर कारोबारियों को दोबारा जांच कराने का अवसर भी तत्काल मिलना चाहिए। संगठन ने यह भी मांग की कि केंद्रीय प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने से पहले संबंधित खाद्य पदार्थों को नष्ट करने या जब्त करने की कार्रवाई न की जाए।

जिला महामंत्री आलोक दुबे ने अधोमानक और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के मामलों में स्पष्ट अंतर निर्धारित करने, छोटे मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा पूर्णकालिक न्याय निर्धारण अधिकारी नियुक्त करने की मांग की। व्यापार मंडल ने सीलबंद पैकेटों की जांच, निजी प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई और पुराने सर्वे नमूनों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने का मुद्दा भी उठाया। संगठन ने कहा कि पैकिंग एवं लेबलिंग के निर्धारित नियमों का पालन करने वाले कारोबारियों को अनावश्यक विभागीय कार्रवाई से राहत मिलनी चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संगठन महामंत्री भरत राम अग्रहरी ‘बबलू’, कोषाध्यक्ष महेंद्र गुप्ता, नगर अध्यक्ष महेंद्र प्रताप, नगर महामंत्री धीरेंद्र चौधरी, नगर संगठन महामंत्री डॉ. प्रदीप सिंह, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव, महामंत्री सत्य प्रकाश दुबे, जिला संगठन मंत्री संजय सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वंदना वर्मा, जिला महामंत्री गीता देवी, जिला कोषाध्यक्ष राजेश्वरी शर्मा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages