गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में एक से 15 अक्टूबर तक चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत रेलवे मुख्यालय गोरखपुर सहित तीनों मंडलों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर कार्यालय के सभागार में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सेमिनार में मुख्य वक्ता दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. केशव सिंह ने वर्मी कम्पोस्टिंग की प्रक्रिया और उसके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर रवीश कुमार, प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. सुषमा भास्कर माटे सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत लखनऊ मंडल के गोरखपुर, गोंडा, लखनऊ, ऐशबाग, बस्ती, खलीलाबाद, सीतापुर और मैलानी सहित विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे इकाइयों में सफाई मित्रों और रेलकर्मियों को ठोस कचरे के उचित संग्रह, पृथक्कीकरण और सुरक्षित निस्तारण की जानकारी दी गई। रेलवे कॉलोनियों और स्टेशनों पर संविदा कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
वाराणसी मंडल में विभिन्न स्टेशनों पर सफाई मित्रों और रेलकर्मियों के साथ रेलसंवाद आयोजित कर कार्यस्थलों को स्वच्छ रखने, डस्टबिन के रंग के अनुसार कचरे को अलग-अलग रखने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। पेंट्री और कैटरिंग कर्मचारियों, वेंडरों तथा संविदाकर्मियों को भी कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
वहीं, इज्जतनगर मंडल में यात्रियों और आमजन के साथ जनसंवाद कर स्वच्छ रेलवे परिसर के महत्व पर चर्चा की गई। यात्रियों से स्वच्छता संबंधी सुझाव और फीडबैक लेकर सफाई व्यवस्था में सुधार पर जोर दिया गया। स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और प्रतीक्षालयों में लोगों को कूड़ा निर्धारित कूड़ेदान में डालने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन की ओर से स्टेशनों, ट्रेनों, पेंट्री और रेलवे कॉलोनियों में स्वच्छता गतिविधियों को लगातार आगे बढ़ाते हुए यात्रियों एवं आमजन से स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल रेलवे परिसर बनाने में सहयोग की अपील की गई है।

No comments:
Post a Comment