बस्ती। ब्लॉक विक्रमजोत सभागार में बाल विकास परियोजना विक्रमजोत की ओर से नवें पोषण माह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह ने की। जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन सीडीपीओ बलराम सिंह ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक रंगोली के प्रदर्शन से हुई। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों संगीता वर्मा, अनामिका सिंह और प्रीति द्विवेदी द्वारा तैयार रंगोली में “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम को प्रदर्शित किया गया। रंगोली के माध्यम से पोषण चक्र और राष्ट्रीय स्तर पर लाभार्थियों से संबंधित आंकड़ों को भी दर्शाया गया।
सीडीपीओ बलराम सिंह ने कहा कि नवें पोषण माह के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों के खान-पान, पोषण स्थिति और व्यवहार परिवर्तन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले लाभों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। इसके बाद पंचायत विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई 44 नाप-तौल मशीनों का वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सीडीपीओ बलराम सिंह और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रयासों की प्रशंसा की। जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार ने पोषण माह की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पोषण ट्रैकर के कार्य समय से पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मेडिकल अफसर अतुल कुमार सिंह, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी बड़काऊ वर्मा, सहायक पंचायत अधिकारी विक्रमजोत, ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा एवं एएनएम सहित मुख्य सेविका सरिता सिंह, कुमुद सिंह, प्रतीक्षा सिंह, तनु पांडेय, अनिता कुमारी और कनिष्ठ सहायक रूपेश कुमार मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment